दिल्ली। कोरोना के बढ़ते नये मामलों के कारण महाराष्ट्र के चार जनपदों में स्थिति गंभीर होती दिख रही है। जिसके बाद उद्धव सरकार की ओर से कड़े कदम उठाये गये हैं। संबंधित जनपदों में सार्वजनिक कार्यक्रमों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। वहीं मैरेज हाल पर निगरानी रखी जा रही है। एक खबरिया चैनल से बात करते हुए प्रदेश के राहत व पुनर्वास मंत्री विजय वडेट्टीवार ने कहा कि विदर्भ में लॉकडाउन करने से काफी मुश्किल खड़ी हो जायेगी। प्रदेश में रोजगार प्रभावित होगा। इसलिए लॉकडाउन के बजाय अन्य क्या विकल्प हो सकते हैं, इस पर विचार करने के बाद ही कोई निर्णय लिया जायेगा। सिनेमा हॉल्स को पूरी तरह से बंद करने पर विचार चल रहा है। जल्द ही निर्णय लिये जाने की संभावना है। वहीं पालघर के अधिकारियों ने कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों को देखते हुए साप्ताहिक बाजारों व बड़े स्तर पर आयोजित होने वाली वैवाहिक समारोहों के आयोजन पर रोक लगा दी है। जनपद में गुरुवार को संक्रमण के 45 नये मामले प्रकाश में आने के बाद आंकड़े 45,838 हो गये हैं। जबकि 1,204 लोगों की मौत हो चुकी है।