गाजीपुर। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के नेतृत्व में युवा प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की 158वीं जयंती भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय छावनी लाइन पर जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह की अध्यक्षता में समारोह पूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश सह संगठन मंत्री भवानी सिंह ने कहा कि तड़प के माध्यम से सिद्धि मिलती है। तड़पन के माध्यम से सिद्धि प्राप्त करने का मंत्र रामकृष्ण परमहंस ने स्वामी विवेकानंद को दिया था। मानव परिपूर्ण, मानव कैसे बने इसकी खोज विवेकानंद जी ने किया था। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति परिपूर्ण होता है तो आत्म संकल्पों के साथ अपने जीवन लक्ष्य को लेकर चलते हुए जीवन की सार्थकता निश्चित करता है। अब यह उस मानव पर निर्भर करता है कि वह सकारात्मक है या नकारात्मक दिशा की ओर अग्रसर है। कहा कि स्वामी विवेकानंद को हम जीतना जानेंगे, हम जीवन लक्ष्य की ओर उतने ही सरलता से बढ़ते जाएंगे। देशभक्ति की प्रबल पराकाष्ठा, चरित्र की परम ऊंचाइयों के धनी विवेकानंद जी ने देश की सभ्यता, संस्कृति, पद्धति के सृजनात्मक संस्कार को प्रकृति आभूषण के रूप मे विश्व में अलौकिकता प्रदान की, जिनके जीवन प्रसंगों को पढ़कर सुसुप्त चेतना जागृत होती है और मन का भ्रम दूर होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि साधना के बल पर नर से नारायण बनने की अनुकरणीय प्रेरणा दिशा हमारे देश के महापुरुषों ने दी है। आज हम इस कार्यक्रम से एक संकल्प लेकर यहां से जाएं कि विवेकानंद के किसी एक आदर्श का पालन अपने जीवन में करेंगे तो हमारा उनकी जयंती मनाने का औचित्य पूर्ण होगा। कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ने की दिशा मे अग्रसर है। जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता के साथ ऊंचाई की ओर तेज गति से बढ़ रहा है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि भवानी सिंह को भाजयुमो महामंत्री मानवेन्द्र सिंह मानव ने स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।