लखनऊ। सियासी बयानबाजी, अदालत में कानूनी दांव—पेंच के बाद सोशल मीडिया पर भी बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का मुद्दा छाया हुआ है। सोशल मीडिया के महत्वपूर्ण प्लेटफार्म ट्विटर पर मुख्तार पर मेहरबान प्रियंका टॉप ट्रेंड कर रहा है। मुख्तार अंसारी को कांग्रेस के द्वारा संरक्षण दिये जाने का आरोप लगाते हुए लोग ट्विटर पर कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा पर निशाना साध रहे हैं। यही कारण है कि मंगलवार को मुख्तार पर मेहरबान प्रियंका ट्विटर पर टॉप ट्रेंड में रहा। इससे जाहिर होता है कि मुख्तार अंसारी को लेकर कांग्रेस की जमकर फजीहत हो रही है। मालूम हो कि मुख्तार अंसारी एक मामले में पंजाब के रोपड़ जेल में हैं। यूपी सरकार की ओर से कई बार उन्हें लाने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। यही कारण है कि भाजपा की ओर से मुख्तार अंसारी को लेकर लगातार कांग्रेस पर हमला बोला जा रहा है। अब मामला टिव्टर पर भी तूल पकड़ लिया है। चूंकि पंजाब में कांग्रेस का शासन है, इसलिए भाजपा के नेताओं को हमला करने का मौका मिल गया है। वर्तमान में यह पूरा मामला सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है। वहीं टिव्टर पर अब तक 32 हजार लोग ट्वीट कर चुके हैं। लोगों के निशाने पर प्रियंका गांधी व कांग्रेस है। जहां यूपी सरकार की तारीफ की जा रही है तो वहीं कांग्रेस पर मुख्तार अंसारी को संरक्षण देने का आरोप लगाया जा रहा है। मालूम हो कि पंजाब पुलिस पूर्व में मुख्तार अंसारी को मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देकर यूपी पुलिस को सौंपने से इंकार कर चुकी है। वहीं सुप्रीम कोर्ट से इस मामले में नोटिस जारी होने के बाद रोपड़ जेल अधीक्षक की दलील है कि वह अपना जवाब कोर्ट में दाखिल करेंगे। कोर्ट की ओर से यूपी सरकार की याचिका पर रोपड़ जेल सुपरिटेंडेंट से दो सप्ताह में जवाब मांगा है।