लखनऊ। वीर सावरकर यानी विनायक दामोदर सावरकर को लेकर देश में सियासी घमासान मचता रहता है। एक बार फिर से यह सियासी घमासान देखने को मिल रहा है। वीर सावरकर को लेकर भाजपा व कांग्रेस आमने—सामने आ गये हैं। उप्र विधानपरिषद की नवसृजित चित्र वीथिका में सावरकर के चित्र को लेकर कांग्रेस नाराज है। परिषद में पार्टी के दल नेता दीपक सिंह ने सभापति रमेश यादव को पत्र लिखकर सावरकर के कार्यों को देश विरोधी बताया और फोटो हटाकर भाजपा के संसदीय कार्यालय में लगाने की मांग की है। सभापति रमेश यादव की ओर से प्रमुख सचिव को तथ्यों की जांच करने के निर्देश दिये गये हैं। गौरतलब हो कि उप्र विधान परिषद का सुंदरीकरण कराने के साथ ही पिक्चर गैलरी बनाई गई है। पिक्चर गैलरी में कई स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों के चित्र लगाये गये हैं। इनमें वीर सावरकर की तस्वीर भी शामिल है। वहीं कांग्रेस के एमएलसी दीपक सिंह ने सभापति को पत्र लिखकर कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों के बीच सावरकर का चित्र लगाना उन महापुरुषों का अपमान है। अंग्रेजों से माफी मांगने वाले, उनके साथ मिलकर देश के विरुद्ध लड़ने वाले, मोहम्मद अली जिन्ना की तरह दो राष्ट्र की मांग उठाने वाले को सिर्फ भाजपा ही स्वतंत्रता सेनानी मान सकती है। विधान परिषद में प्रशिक्षण भ्रमण पर आने वाले अधिकारी व छात्र यहां से क्या प्रेरणा लेंगे।

0 Comments