गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विधायक अलका राय की ओर से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी को लिखा एक पत्र सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। पत्र के जरिये उन्होंने कांग्रेस पर बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के साथ खड़े होने तथा बचाने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि कांग्रेस शासित प्रदेश पंजाब सरकार मुख्तार अंसारी को बचाने की हरसंभव कोशिश कर रही है। हालांकि द वार न्यूज वायरल पत्र की पुष्टि नहीं करता है। वायरल पत्र में लिखा है कि — आदरणीय महोदया, सादर नमस्कार, मेरा नाम अलका राय है, मैं विधवा हूं और विगत 14 वर्षों से मैं अपने पति व लो​कप्रिय विधायक रहे स्वर्गीय श्री कृष्णानंद राय की नृशंस हत्या के विरुद्ध इंसाफ की लड़ाई लड़ रही हूं। उस जुल्मी के खिलाफ जिसे आज आपके पार्टी और पंजाब राज्य में आप की सरकार खुला संरक्षण दे रही है। उत्तर प्रदेश की तमाम अदालतों से मुख्तार अंसारी को तलब किया जा रहा है परंतु पंजाब सरकार उसे उत्तर प्रदेश भेजने को तैयार नहीं है। हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर मुझे और मुझ जैसे सैकड़ों लोगों को हिसाब से वंचित किया जा रहा है। यह बेहद शर्मनाक है कि आप की राजनीतिक पार्टी और उसके नेतृत्व की सरकार इतनी निर्दयता के साथ मुख्तार अंसारी के साथ खुलकर खड़ी है। कोई भी यह स्वीकार नहीं करेगा कि यह सब कुछ आपकी और राहुल जी की जानकारी के बगैर हो रहा है। उसने तमाम निर्दोषों की बेरहमी से हत्या की है। अनेक माताओं, बहनों का उसने सुहाग उजाड़ा है तो तमाम बच्चों के सिर से उसने पिता का साया छीना है। प्रत्येक पीड़ित को उस क्षण की प्रतीक्षा है जब को उसके किए की कड़ी सजा मिलेगी। इंसाफ की आस में हमारा हर दिन और हर रात तिल—तिल कर गुजर रहा है। आप खुद भी एक महिला हैं, ऐसे में मेरा आपसे विनम्रता से सवाल है कि आप ऐसा क्यों कर रही हैं। क्या आपको हम जैसी अबलाओं का दर्द नहीं दिख रहा है। मेरी खुद की कहानी इस बात का प्रमाण है कि कैसे कानून का मजाक उड़ाकर मुख्तार वर्षों से सुरक्षित बचा हुआ है। यह बेहद खेदजनक है कि आप और आपकी पार्टी अपराधियों के साथ खुलकर खड़ी है। मीडिया के माध्यम से मुझे पता चला कि उत्तर प्रदेश की गाड़ियां मुख्तार अंसारी को लेने गईं। सरकार ने उसे बचाने के लिए महीने का बेड रेस्ट दे दिया। मैं और मेरे जैसे लोग इस बात से हताश हैं जिन्हें आज तक इंसाफ का इंतजार है। आज संपूर्ण उत्तर प्रदेश की जनता के मन में यह कौतूहल है कि मुख्तार को लेकर उठ रहे तमाम
सवालों पर प्रियंका जी और राहुल जी खामोश क्यों हैं। मुझे आप के जवाब का इंतजार रहेगा, मुझे विश्वास है कि यदि आपके मन में थोड़ी भी संवेदना होगी तो आप न सिर्फ मेरे पत्र का जवाब देंगी बल्कि मुख्तार अंसारी को सजा दिलाने में मेरी मदद भी करेंगी — अलका राय