गाजीपुर। रात के समय वीर अब्दुल हमीद सेतु पर ओवरलोड वाहनों का परिचालन जारी है। बालू लदे ओवरलोड वाहन फर्राटा भर रहे हैं। यदि सुहवल पुलिस से इस प्रकरण के बारे में बातचीत की जाती है तो कहा जाता है कि उनका थाना बाद में पड़ता है, यदि पहले के थाने अपने यहां ही इन वाहनों को रोक दें तो उनके यहां ये वाहन आयेंगे ही नहीं। वहीं संबंधित थानों की पुलिस का कहना है कि वाहन चेक करना उनका काम नहीं है। यह काम परिवहन विभाग का है। अगर वाहनों को सड़क पर रोक दिया जायेगा तो रास्ता जाम हो जायेगा। अब यह सवाल उठता है कि क्या परिवहन विभाग की मेहरबानी से ओवरलोड वाहनों का परिचालन हो रहा है। हालांकि इधर बीच कुछ अभियान भी चलाया गया और ओवरलोड वाहनों से जुर्माना वसूला गया लेकिन यह नाकाफी है। जानकारों का कहना है कि अगर परिवहन विभाग ईमानदारी से अपने कर्तव्य को निभाए तो किसी भी दशा में ओवरलोड वाहनों की इंट्री जनपद की सीमा में हो ही नहीं सकती। कहीं न कहीं यह परिवहन विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। आखिर क्या कारण है कि परिवाहन विभाग पूरी तरह से इसको लेकर सक्रिय नहीं है।

0 Comments