दिल्ली। पाकिस्तान के सिंध प्रांत में पुलिस ने एक निर्माण स्थल को सील कर दिया। यहां विभाजन के पूर्व एक हिंदू मंदिर को कथित तौर पर बिल्डर द्वारा ढहा दिया गया। जब जानकारी मिली कि हनुमान मंदिर को ढहा दिया गया है तो दर्जनों हिंदू परिवार ल्यारी में फिदा हुसैन शेख रोड की तंग सड़कों पर उस जगह इकट्ठा हो गया। जिसके बाद ल्यारी के सहायक आयुक्त अब्दुल करीम मेमन पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण के बाद सील करने की कार्रवाई की। उनकी ओर से जांच होने का हवाला दिया गया। मोहम्मद इरशाद बलूच की ओर से कहा गया कि यह अन्याय है क्योंकि पूजा स्थल को ढहा दिया गया। यह एक पुराना मंदिर था। हमने इसे बचपन से देखा है। हीरालाल ने कहा कि मंदिर के पास 18 परिवार रहते हैं। हमें बिल्डर द्वारा आश्वासन दिया गया था कि मंदिर नहीं ढहाया जायेगा। हरेश के अनुसार लॉकडाउन में किसी को भी मंदिर आने की इजाजत नहीं थी। बिल्डर द्वारा इसका फायदा उठाकर मंदिर को ढहा दिया गया। बताया जा रहा है कि मंदिर ढहाने का विरोध करने पर बिल्डर की ओर से वहां रह रहे हिंदू परिवारों को धमकी दी जा रही है।

0 Comments