बलिया। अब तक आप और हम व्हाट्सएप यूनिर्वसिटी के ज्ञानवीरों व स्वास्थ्य विशेषज्ञों से परेशान थे, प्रतिदिन नये—नये फार्मूले कि कैसे कोरोना से बचा जा सकता है। अरे भाई, अगर तुम्हारा फार्मूला कारगर होता तो पूरी दुनिया त्राहिमाम थोड़े न करती। लेकिन जब कुछ इसी तरह का बयान सत्ताधारी दल के विधायक की ओर से दिया जाए तो बड़ी हैरानी होती है साहब क्या किया जाए। मामला बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह का है। इनके बारे में आपको पता ही होगा कि हमेशा विवादित बयानों को लेकर यह खूब सुर्खियां बटोरते हैं। ऐसा लगता है कि ये भी जानते हैं कि आखिर कैसे लोगों के बीच चर्चा में रहना है, तभी तो एक के बाद एक जुबानी तीर छोड़ते रहते हैं। अब विधायक जी का नया दावा कोरोना संक्रमण को लेकर है। उनका कहना है कि गौ मूत्र व हल्दी के चूर्ण को घी में भुनवाकर प्रतिदिन सेवन करने से कोविड संक्रमण नहीं होता है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में कोरोना से जज, मंत्री व अफसर मर रहे हैं अगर सरकार के पास दवा होता तो इसका तत्काल इलाज कर लिया जाता लेकिन हकीकत यह है कि दैवीय प्रकोप जैसी कोरोना रूपी महामारी का कोई इलाज सरकार के पास नहीं है। सभी सिस्टम फेल हो चुके हैं। ऐसे में गौमूत्र व गाय के घी में भुना हुआ हल्दी का चूर्ण ही एकमात्र सही उपचार है। दरअसल उन्होंने सोनबरसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रांगण में यह बातें कहीं। कहा कि दवा व्यापारी अपराधी हो गया है। वे क्या दवा बना रहे हैं, कोई भरोसा नहीं है। उन्होंने घी में भुना हल्दी का चूर्ण खाते हुए कहा कि मैं हर रोज 10 बार खाता हूं और सुबह गोमूत्र पिता हूं। इसलिए हमें कोरोना तो क्या कोई बीमारी छू नहीं सकती है।

0 Comments