गाजीपुर। जिले में कोरोना संक्रमण की चेन अब धीरे—धीरे ही सही कमजोर पड़ने लगी है। इस बात की पुष्टि कोरोना मरीजों की संख्या से हो रही है। पहले यह संख्या ज्यादा थी लेकिन अब इसमें कमी आ रही है। इसके पीछे मुख्य वजह जिला प्रशासन का सक्रिय व संवेदनशील रवैया है। हाल ही के दिनों में जिस प्रकार से जिला प्रशासन के द्वारा एक के बाद एक कदम उठाये गये, उसके परिणाम अब सामने आने लगे हैं। साथ ही कोरोना केस घटने में लॉकडाउन भी प्रमुख वजह है। यदि बीते दिनों की बात की जाए तो मार्च के तीसरे सप्ताह से जनपद में कोरोना मरीज मिलने शुरू हो गये थे। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में जिले के अंदर 700 से 800 कोरोना केस प्रकाश में आ रहे थे। लेकिन अप्रैल के अंत से ही इस आंकड़े में गिरावट आने लगी। हालांकि जिला अस्पताल के बेड अभी भरे हुए हैं लेकिन राहत वाली बात यह है कि गंभीर मरीजों की संख्या में कमी आई है।