दिल्ली। अब तक बैंकों व रेलवे के क्षेत्र में निजीकरण की खबरें आई थीं, जिसको लेकर खूब हो—हल्ला मचा। विपक्ष से लेकर संबंधित विभागों के कर्मचारियों ने त्योरी चढ़ाई लेकिन अब बारी नेशनल हाईवे की है। इसकी तैयारी सरकार की ओर से की जा रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अनुसार भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग यानी एनएचएआई आगामी पांच वर्षों में राष्ट्रीय राजमार्गों को बाजार पर चढ़ाकर एक लाख करोड़ रुपये जुटाने की योजना पर कार्य कर रहा है। उन्होंने आहृान किया कि उद्योग जगत आगे आकर निवेश करे औ इसका फायदा उठाये। केंद्रीय मंत्री की दलील है कि इसके जरिये वृद्धि को तेजी मिलेगी व कोष का उपयोग मजबूत ढांचागत सुविधाओं के पोषण में किया जा सकता है। यह बातें उन्होंने सीआईआई के कार्यक्रम में कहीं। उनके अनुसार संपत्ति को बाजार पर चढ़ाना उद्योगों के लिए कारोबार के लिहाज से एक बेहतर अवसर है। इससे सरकार को बुनियादी ढांचा में किये गये निवेश के मूल्य को निकालने में सहायता मिलेगी। यह योजना उद्योगों के अलावा सरकार के लिए भी फायदे का सौदा है। मालूम हो कि सरकार पहले ही कई बैंकों व रेलवे के क्षेत्र में निजीकरण के प्रवेश का रास्ता साफ कर चुकी है।