गाजीपुर। दुल्लहपुर पुलिस व स्वाट टीम ने मंगलवार की रात मुठभेड़ के दौरान अवैध असलहा तस्कर गिरोह का राजफाश करते हुए दो को बहलोलपुर के पास चेकिंग करते हुए गिरफ्तार कर लिया। ये तस्कर मध्य प्रदेश के उज्जैन व गढवार से असलहा लाकर जनपद में सप्लाई करते थे। पुलिस की ओरसे इनको जेल भेज दिया गया है। मरदह बॉर्डर बहलोलपुर के पास पुलिस व स्वाट टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी बीच एक चार पहिया वाहन को रोकने का इशारा किया गया। इस पर वाहन सवारों की ओर से पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया गया लेकिन पुलिस ने खुद को बचाते हुए घेराबंदी करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान कमलेश यादव निवासी रशीदाबाद, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ व रामाश्रय यादव निवासी इटौरा चौबेपुर, थाना मोहम्मदाबाद गोहना मउ के रूप में हुई है। आरोपी मध्य प्रदेश के उज्जैन व गढवार से असलहा लाकर जनपद सहित पड़ोसी जिलों में बेचने का कार्य करते थे। आरोपियों के पास से 9 तमंचा, 8 जिंदा कारतूस, एक 315 बोर का खोखा कारतूस, 2 पिस्टल, 32 बोर का चार जिंदा कारतूस, 1 पिस्टल, 30 बोर का जिंदा कारतूस व एक मारुति कार बरामद हुई है।