गाजीपुर। अयोध्या में निर्माणाधीन राममंदिर निर्माण के लिए जिले के लोग भी बढ़चढ़कर दान दे रहे हैं। इसी कड़ी में ओम जी ग्रुप आफ इंस्टच्यूशंस जखनियां के मै​नेजिंग डायरेक्टर डा. मनोज कुमार सिंह ने अयोध्या में राममंदिर निर्माण के लिए 2 लाख 51 हजार 551 रुपये की सेवा समर्पण राशि सौंपी। उन्होंने कहा​ कि राममंदिर निर्माण का सपना देखते—देखते हमारी कई पीढ़ियां गुजर गईं। आज यह शुभ अवसर आया है, जिसमें सहभागिता करना भगवान श्रीराम की कृपा से ही संभव हो रहा है। भगवान राम हमारे अराध्य व आदर्श हैं। डा. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि सेवा समर्पण राशि सौंपकर आज मन प्रफुल्लित है। देश की जनमानस की यह आकांक्षा है कि जल्द से जल्द अयोध्या में भगवान राम का भव्य व दिव्य राममंदिर का निर्माण हो। राममंदिर के निर्माण से देश का मान पूरे विश्व में बढ़ेगा। साथ ही हमारी संस्कृति व सभ्यता भी नये आयाम को स्पर्श करेगी। राममंदिर सदियों तक हमारी संस्कृति व सभ्यता का बोध पूरे विश्व को कराता रहेगा। इसलिए राममंदिर का निर्माण हमारे देश व समाज के लिए काफी महत्व रखता है। राममंदिर से पूरी दुनिया प्रेरणा लेगी कि कैसे एक सभ्य व शांतिप्रिय समाज की स्थापना की जा सके। मानवता में यकीन रखने वाले लोगों को राममंदिर से सकारात्कता के साथ मार्गदर्शन मिलता रहेगा। समाज से लेकर वैश्विक समस्याओं का निराकरण हम भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात करके कर सकते हैं। यदि सभी लोग भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात कर लें तो समाज में संघर्ष की नौबत ही नहीं आयेगी। हर ओर केवल प्रेम व भाईचारा की गंगा बहती हुई नजर आयेगी। इसलिए हम सभी को भगवान राम के आदर्शों को आत्मसात करने की जरूरत है। डा. मनोज कुमार सिंह ने कहा कि भगवान राम का व्यक्तित्व व चरित्र एक आदर्श है, जिसको हम सभी को अपनाने की जरूरत है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, आरएसएस के संघ प्रचारक पूर्वी क्षेत्र के पदाधिकारी भोलेंद्र, आनंद मिश्रा, अच्छेलाल गुप्ता, अटल सिंह, सर्वेश मिश्रा, अजीत सिंह आदि की उपस्थिति में उन्होंने 2 लाख 51 हजार 551 रुपये की समर्पण राशि का चेक सौंपा।