लखनऊ। उच्च शिक्षा के विस्तार व गुणवत्ता को बनाये रखने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से अहम निर्णय लिया गया है। निजी क्षेत्र के 10 से अधिक नये विश्वविद्यालयों को जल्द मंजूरी दी जायेगी। साथ ही 51 नये राजकीय महाविद्यालय व 10 से अधिक विश्वविद्यालयों की सौगात मिलेगी। प्रदेश सरकार की पहल से छात्रों के लिए उच्च शिक्षा की राह अब और अधिक आसान होगी। लोकभवन में मीडिया से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने बताया कि राज्य सरकार ने निजी क्षेत्र में 30 नये विश्वविद्यालयों की स्थापना के लिए प्रायोजक संस्थाओं को आशय पत्र जारी कर दिया गा है। इनमें 10 से ज्यादा विश्वविद्यालयों ने स्थापना संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। मौजूदा समय में प्रदेश के अंदर 27 निजी विश्वविद्यालय संचालित हो रहे हैं। वहीं अलीगढ़, सहारनपुर व आजमगढ़ में विश्वविद्यालय की स्थापना प्रदेश सरकार की ओर से की जा रही है। जिसके बाद राज्य विश्वविद्यालयों की संख्या 19 हो जायेगी। उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा के अनुसार सूबे में 50 नये राजकीय महाविद्यालयों के अलावा एक राजकीय महाविद्यालय में विज्ञान व वाणिजय संकाय की स्थापना की जा रही है। वहीं फतेहपुर, चित्रकूट, चंदौली, सोनभद्र, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर व बलरामपुर के 18 राजकीय महाविद्यालयों के पुस्तकालयों में प्रीलोडेड टैबलेट उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है। तहसील व ब्लाक स्तर पर संचालित 120 राजकीय महाविद्यालयों में ई—लर्निंग पार्क स्थापित की जायेगी।

0 Comments