दिल्ली। मुंगेर के बहाने भाजपा के हिंदुत्व पर शिवसेना की ओर से जोरदार हमला किया गया है। गौरतलब हो कि बिहार के मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हिंसा हुई थी। पुलिस की ओर से लाठीचार्ज किया गया था। हिंसा के दौरान फायरिंग व पथराव की घटना भी हुई थी। गुस्साए लोगों ने एसपी कार्यालय सहित अन्य स्थानों पर तोड़फोड़ करते हुए वाहनों में आग लगा दिया था। मुंगेर में पुलिस की बर्बर लाठीचार्ज को लेकर सियासत जारी है। विपक्ष लगातार हमलावर है। भाजपा व जदयू को कटघरे में खड़ा किया जा रहा है। विपक्ष की ओर से पूछा जा रहा है कि मोदी व नीतीश का यह कैसा हिंदुत्व है। बिहार के विपक्षी दलों ने इस घटना की तुलना जनरल डायर से कर दी। तेजस्वी से लेकर चिराग पासवान तक ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया। निश्चित रूप से बिहार चुनाव के दौरान इस मुद्दे ने विपक्ष को एक हथियार दे दिया है। वहीं अब शिवसेना की ओर से इस प्रकरण को लेकर भाजपा को घेरने का काम किया गया है। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि मुंगेर गोलीबारी की घटना हिंदुत्व पर हमला है। अगर ऐसी घटना महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल या राजस्थान में होती तो राज्यपाल व भाजपा नेता राष्ट्रपति शासन की मांग करते। तो फिर बिहार के राज्यपाल व भाजपा नेता सवाल क्यों नहीं उठा रहे हैं। दूसरी तरफ निर्वाचन आयोग की ओर से मुंगेर के डीएम राजेश मीणा व एसपी लिपि सिंह को तत्काल हटाने का आदेश दिया गया है।

0 Comments