गाजीपुर। नवरात्र के पावन अवसर पर द वार न्यूज की ओर से नारी शक्ति मुहिम चलाई जा रही है। इस मुहिम की मंशा नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। साथ ही महिला सुरक्षा के प्रति आमजन में जागरूकता लाने की एक सकारात्मक कोशिश है। इसी क्रम में नंदगंज के सौरी ब्रांच के यूबीआई मैनेजर रवि सिंह का मानना है कि महिला अपराधों में कमी लाने के लिए हम सबको अपनी जवाबदेही तय करनी होगी। विशेष रूप से अभिभावकों को घर पर लड़कों को संस्कारित करने की जरूरत है। उन्हें यह समझाने की जरूरत है कि समाज की सभी युवतियों व महिलाओं का सम्मान जरूरी है। यदि हम किसी दूसरे की बहन—बेटी संग अभद्रता करेंगे तो कल की तारीख में वह घटना हमारे घर पर भी हो सकती है। उन्होंने कहा कि सृष्टि का नियम है कि हम संसार को जो कुछ देते हैं, बाद में वही लौटकर हमारे पास आता है। इसलिए हमें सदैव समाज को रचानात्मक व सकारात्मक चीजें देने का प्रयास करना चाहिए। रवि सिंह का मानना है कि नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देकर ही हम एक सभ्य समाज का निर्माण कर सकते हैं। बगैर महिलाओं के विकास के हम समाज के विकास की कल्पना नहीं कर सकते हैं। नारी पूजा व नारी सम्मान हमारे देश की परंपरा है। हमें इस परंपरा को और समृद्ध करने की जरूरत है। नारी सम्मान के मामले में भारत की परंपरा काफी गौरवशाली है, जिस पर हमें नाज है। इस परंपरा को कायम रखने के लिए हमें युवा पीढ़ी को जागरूक व संस्कारित करने की जरूरत है। समाज को अपनी मानसिकता बदलने की जरूरत है, महिलाओं पर अंकुश लगाने के बजाय हमें अपने घर के लड़कों को संस्कारित करने की जरूरत है। यदि हर घर में संस्कार का पाठ अभिभावक पढ़ाने लगें तो महिला अपराध पर स्वत: लगाम लग जायेगा।